पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा अटारी एवं गोमची विद्यालयों में शैक्षणिक जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अटारी एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, गोमची में शैक्षणिक जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं कैरियर विकल्पों की जानकारी देना तथा पर्यावरणीय चेतना को प्रोत्साहित करना था।

अटारी विद्यालय में:कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. एल. एस. गजपाल (कार्यक्रम समन्वयक, एनएसएस) ने की। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में प्रो. जी. के. देशमुख (डीन, प्रबंधन संकाय), डॉ. अरविंद अग्रवाल (सहायक निदेशक, एमएमटीटीसी), डॉ. गोविंद प्रसाद साहू (सीबीएस) एवं डॉ. हेमंत कुमार खातकर (शिक्षक शिक्षा संस्थान) उपस्थित रहे।
प्रो. गजपाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने हेतु प्रेरित किया, डॉ. अरविंद अग्रवाल ने विधि, चिकित्सा, कृषि एवं फार्मेसी जैसे क्षेत्रों में करियर की जानकारी दी।
प्रो. जी. के. देशमुख ने वाणिज्य, प्रबंधन एवं बी.सी.ए. जैसे नवाचार कार्यक्रमों पर चर्चा की, डॉ. गोविंद साहू ने एकीकृत एम.एससी. कार्यक्रमों और 5,000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति की जानकारी दी, डॉ. हेमंत खातकर ने बी.एड. एवं एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत अटारी एवं गोमची दोनों विद्यालयों में वृक्षारोपण किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षक, छात्र एवं विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। गोमची विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चौहान ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
सार्थक सहभागिता और समापन:
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने करियर और छात्रवृत्ति से संबंधित प्रश्न पूछे जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। अटारी विद्यालय के प्राचार्य श्री बड़गैया ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना की।
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने और सामाजिक व पर्यावरणीय चेतना को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास रहा।






