राजधानी में गैंगवार के बाद पुलिस की सख्ती – आरोपियों का निकाला जुलूस
रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में बुधवार को हुई गैंगवार के मामले में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वैभव रागी, ओम दुबे, शुभम मिश्रा समेत अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद इलाके में जुलूस निकाला और घटना स्थल पर ही उन्हें अपराध विरोधी नारे लगाने को मजबूर किया।
गैंगवार की यह वारदात बुधवार को डीडी नगर इलाके में बीच सड़क पर हुई थी, जिसमें दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और हथियार लहराने की घटनाएं सामने आई थीं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालने का निर्णय लिया ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था का संदेश जाए और लोग भयमुक्त महसूस करें। पुलिस ने आरोपियों से “कानून हमारा बाप है, अपराध करना पाप है” जैसे नारे भी लगवाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा होगा और आम जनता में विश्वास बहाल होगा।
पुलिस ने बताया कि गैंगवार में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रायपुर में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि पुलिस की इस तरह की त्वरित कार्रवाई से इलाके में शांति और सुरक्षा का माहौल बना है।
राजधानी रायपुर में बढ़ते आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस का यह कदम एक कड़ा संदेश है कि अपराध करने वालों के लिए कानून सख्त है और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।






