प्रधानमंत्री मोदी ने असम में पूर्वोत्तर की पहली इमरजेंसी लैंडिंग सुविधा का किया उद्घाटन
डिब्रूगढ़/गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के डिब्रूगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मोरन बाईपास पर विकसित की गई आपातकालीन लैंडिंग सुविधा का उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री स्वयं इस सुविधा पर उतरे और भारतीय वायु सेना द्वारा किए गए भव्य हवाई प्रदर्शन का अवलोकन किया। इस दौरान सुखोई Su-30MKI, राफेल, AN-32, तेजस लड़ाकू विमान और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
यह आपातकालीन लैंडिंग सुविधा पूर्वोत्तर भारत में अपनी तरह की पहली है, जिसे भारतीय वायु सेना के समन्वय से विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य आपात परिस्थितियों में सैन्य और नागरिक विमानों के सुरक्षित टेकऑफ और लैंडिंग को सुनिश्चित करना है।
इसके बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी रवाना हुए, जहां उन्होंने 5,450 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ब्रह्मपुत्र नदी पर बना कुमार भास्कर वर्मा सेतु भी शामिल है, जो गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी को सीधे जोड़ता है।
प्रधानमंत्री ने लाचित घाट का दौरा किया और कामरूप जिले के अमीनगांव में स्थित आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर तथा उत्तर पूर्वी क्षेत्र के राष्ट्रीय डेटा केंद्र का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इसके अलावा, पीएम-ईबस सेवा योजना के तहत चार शहरों के लिए 225 इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई। इनमें गुवाहाटी के लिए 100, नागपुर और भावनगर के लिए 50-50 तथा चंडीगढ़ के लिए 25 बसें शामिल हैं।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गुवाहाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं के बूथ सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।






