जूडो में शानदार प्रदर्शन: बालिका गृह कोंडागांव की योगिता मंडावी को मिलेगा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोंडागांव की बालिका कुमारी योगिता मंडावी को खेल (जूडो) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 26 दिसंबर 2025 को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि योगिता के माता-पिता का निधन उसकी मात्र 4 वर्ष की आयु में हो गया था, जिसके बाद उसका पालन-पोषण बालिका गृह कोंडागांव में हुआ। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद योगिता ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर कम उम्र में ही खेल जगत में पहचान बनाई। 13 वर्ष की आयु में वह राज्य की श्रेष्ठ जूडो खिलाड़ियों में शामिल हो गई और 14 वर्ष की उम्र से उसने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना शुरू कर दिया।
जूडो में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर ही योगिता का चयन प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए किया गया है। पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए योगिता दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। वह आज दोपहर 12.45 बजे इंडिगो की फ्लाइट से रायपुर से दिल्ली प्रस्थान करेगी। इस दौरान उसके साथ कोंडागांव बालिका गृह की अधीक्षिका मणि शर्मा भी मौजूद रहेंगी।






