रेलवे की नयी समय सारिणी आज से लागू, सफर से पहले देखें ट्रेनों की लिस्ट और टाइमिंग
रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेल ने यात्रियों के लिए नई समय-सारणी लागू कर दी है। 1 जनवरी 2026 से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन से होकर चलने वाली एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है। नई समय-सारणी के अनुसार कुल 63 ट्रेनों के समय में 5 मिनट से लेकर 25 मिनट तक का आंशिक परिवर्तन किया गया है। रेलवे प्रशासन का दावा है कि इस बदलाव से ट्रेनों की औसत गति बढ़ेगी और यात्रियों को समय की बचत होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस संशोधन में अप और डाउन दिशा की कुल 55 एक्सप्रेस ट्रेनें और 8 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। हालांकि, यह बदलाव सभी स्टेशनों पर लागू नहीं होगा, बल्कि कुछ चयनित स्टेशनों पर ही ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है। अन्य स्टेशनों पर समय-सारणी पूर्ववत बनी रहेगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के कारण हर साल बदलती है समय-सारणी
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हर वर्ष विभिन्न रेलखंडों और स्टेशनों पर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का कार्य किया जाता है। इसमें नई लाइन बिछाना, दोहरीकरण, सिग्नल सिस्टम का आधुनिकीकरण, प्लेटफॉर्म विस्तार और यार्ड रिमॉडलिंग जैसे कार्य शामिल होते हैं। इन विकास कार्यों के चलते ट्रेनों की परिचालन क्षमता और गति में सुधार होता है, जिसके अनुसार समय-सारणी में संशोधन आवश्यक हो जाता है।
रेलवे के मुताबिक, 2026 की नई समय-सारणी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। गाड़ियों के आने-जाने की गति बढ़ने से कई सेक्शनों पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के कुल यात्रा समय में 10 मिनट से 25 मिनट तक की बचत होगी। वहीं पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन समय में भी 5 मिनट से 20 मिनट तक की कमी आने की संभावना है।
यात्रियों से नई समय-सारणी देखने की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले 1 जनवरी 2026 से लागू नई समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। समय-सारणी में बदलाव की जानकारी न होने के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। यात्री अपने संबंधित स्टेशन, रेलवे पूछताछ केंद्र या रेलवे की अधिकृत वेबसाइट और हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेनों के अद्यतन समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।











