राष्ट्रीय समूहगान स्पर्धा में केपीएस सरोना रायपुर की टीम ने मारी बाजी
रायपुर। भारत विकास परिषद् मध्यक्षेत्र द्वारा पं. मोतीलाल नेहरु विधि महाविद्यालय छतरपुर में आयोजित क्षेत्र स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना रायपुर की टीम ने हिन्दी और संस्कृत भाषा में राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गायन प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब यह टीम 14 दिसंबर 2025 को ग्वालियर में राष्ट्र स्तरीय समूहगान प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी।

परिषद् के उपाध्यक्ष डॉ. सुमति प्रकाश जैन के अनुसार कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला जज रविन्द्र सिंह उपस्थित रहें तथा अध्यक्षता परिषद् के राष्ट्रीय अतिरिक्त महामंत्री विनीत गर्ग ने की। अति विशिष्ट अतिथियों में कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेश देवलिया, सीजेएम स्वाति निवेश जायसवाल, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विष्णु प्रसाद सोलंकी ने मंच को गरिमा प्रदान की। इसके साथ ही राहुल जैन राष्ट्रीय पर्यवेक्षक संस्कार, सुनील कोठारी क्षेत्रीय अध्यक्ष, देवेन्द्र तिवारी प्रांतीय अध्यक्ष, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विनोद दीक्षित एवं शिक्षा प्रसार समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह का सानिध्य प्राप्त हुआ।
मुख्य अतिथि रविंदर सिंह एवं अति विशिष्ट अतिथि राजेश देवलिया ने अपने उद्बोधन में इस प्रतियोगिता को युवाओं में देशभक्ति की अलख जगाने का माध्यम बताया। परिषद् के प्रांतीय उपाध्यक्ष आलोक टिकरिया ने सभी अतिथियों का परिचय दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन परिषद् के योगेश जैन ने किया।
दूसरे चरण में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीतों की तीन शैलियों में प्रस्तुतियां दी गई। सभी प्रतियोगी दलों ने सबसे पहले पहले हिन्दी, फिर संस्कृत एवं अंत में लोकगीत के माध्यम से राष्ट्रीय समूहगान की प्रस्तुतियां दी। छह प्रांतों मध्यभारत उत्तर प्रांत, मध्यभारत दक्षिण प्रांत, मध्यभारत पश्चिम प्रांत, विंध्य प्रांत, महाकौशल प्रांत एवं छत्तीसगढ़ प्रांत की पांच टीमों ने तीनों विधाओं में शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहते हुए समां बांध दिया। सभी दलों के प्रतियोगियों ने अपनी प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरी। प्रतियोगिता का संचालन परिषद् के उपाध्यक्ष डॉ. सुमति प्रकाश जैन ने किया।
तीसरे चरण में शाम 4 बजे समापन समारोह छतरपुर विधायक ललिता यादव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। विशिष्ट अतिथियों में अनिल डागा राष्ट्रीय पर्यवेक्षक संस्कार, सुधीर अग्रवाल क्षेत्रीय महासचिव, आलोक टिकरिया प्रांतीय उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष विकेंद्र वाजपेयी तथा शिवसेना जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी रहे। मुख्य अतिथि ललिता यादव ने आयोजन की तारीफ कर प्रतिभागी आयोजन की तारीफ कर प्रतिभागी कलाकारों को शुभाशीष दिया। कार्यक्रम का संचालन राहुल जैन ने किया। प्रांतीय संयोजक संस्कार सुरेश विश्नोई ने आभार व्यक्त किया।
ये रहे परिणाम :- निर्णायक मंडल में शामिल उर्मिला पाण्डेय, चन्द्रभूषण तिवारी एवं सुरेन्द्र तिवारी ने प्रतियोगिता के पहले चरण में हिन्दी भाषा में हुई गीतों की प्रस्तुति में कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना रायपुर को प्रथम, चाणक्य हायर सेकेण्डरी नरसिंहपुर को द्वितीय तथा सरस्वती उच्चतर माध्यमिक स्कूल सतना को तीसरा स्थान दिया। न्यू दिगम्बर पब्लिक स्कूल इंदौर एवं मिससिल हायर सेकेण्डरी स्कूल ग्वालियर को सात्वंना पुरस्कार दिया। दूसरे चरण में संस्कृत भाषा में प्रस्तुतियां हुई। इसमें भी कृष्णा पब्लिक स्कूल सरोना रायपुर ने अपनी दमदार प्रस्तुति के दम पर पहला पुरस्कार प्राप्त किया। चाणक्य पब्लिक स्कूल नरसिंहपुर ने दूसरा स्थान तथा सरस्वती स्कूल सतना ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया। मिससिल हायर सेकेण्डरी स्कूल ग्वालियर तथा न्यू दिगम्बर पब्लिक स्कूल को सात्वंना पुरस्कार मिला।






