LPG सिलेंडर की कमी से होटल-रेस्टोरेंट प्रभावित, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बोले – स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी साफ दिखाई देने लगा है. गैस की सीमित उपलब्धता के कारण कई होटलों में इलेक्ट्रिक कुकिंग और लकड़ी के चूल्हों से खाना बनाकर काम चलाया जा रहा है.
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष तरनजीत सिंह होरा ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है. अगले 2 से 4 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में सप्लाई फिर से शुरू हो सकती है.
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने एक एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें होटल संचालकों से कहा गया है कि फिलहाल मेनू में केवल जरूरी और सीमित आइटम्स ही शामिल किया जाए. गैस की कमी के चलते रोटी और डोसा जैसे गैस पर अधिक बनने वाले व्यंजनों को कई जगहों पर अस्थायी रूप से मेनू से हटा दिया गया है. एसोसिएशन का कहना है कि गैस आपूर्ति सामान्य होने तक इसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए होटल और रेस्टोरेंट का संचालन किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े.






