Special Story

बालोद और बेमेतरा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

बालोद और बेमेतरा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

Shiv Mar 9, 2026 1 min read

बालोद/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के हाईकोर्ट और विभिन्न जिला कोर्टों को लगातार…

March 9, 2026

Apni Sarkaar

जो कहेंगे सच कहेंगे

प्रदेश के इन जिलों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी, वज्रपात से भी रहना होगा सावधान

रायपुर। सितंबर के दूसरे पखवाड़े में भी छत्तीसगढ़ में मानसून का असर पूरी तरह से दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि खड़गांव, चांदी, चित्रेड़ी और मिहनीडीह में सात सेंटीमीटर, जबकि पिथौरा और बलौद में 5 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है।

मौसम प्रणाली का प्रभाव

विभाग के अनुसार, इस समय पूर्वी झारखंड में 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, पूर्वी विदर्भ में भी 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रवाती प्रणाली बनी हुई है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। इन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषकर खुले स्थानों पर बिजली गिरने की संभावना के मद्देनज़र खेतों और खुले मैदानों में खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, तेज हवाओं के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई है।