गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, पीएम की फूंका पुतला
राजनांदगांव। देश भर में 7 मार्च से घरेलू में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडरों में 115 रुपए की कीमतों में हुई वृद्धि ने लोगों को महंगाई का झटका दिया. केंद्र सरकार के इस फैसले के विरोध में राजनांदगांव में रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री का पुतला जलाया. विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की वृद्धि किए जाने से आम जनता, गृहिणियों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. इसी के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी ने जयस्तंभ चौक में विरोध प्रदर्शन किया.
शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की परेशानी बढ़ती जा रही है. रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू बजट बिगड़ रहा है. वहीं कॉमर्शियल सिलेंडर महंगे होने से छोटे व्यापारियों और होटल व्यवसायियों पर भी असर पड़ रहा है.






