क्या सोयाबीन खाने से बढ़ता है ब्रेस्ट कैंसर का खतरा? जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट
हमारे दैनिक जीवन में खान-पान से जुड़ी कई तरह की भ्रांतियां फैली हुई हैं, जिनमें से एक सबसे बड़ी और चर्चित भ्रांति सोयाबीन और ब्रेस्ट कैंसर के बीच के संबंध को लेकर है। कई लोगों का मानना है कि सोयाबीन का सेवन करने से महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए हमने सीनियर कैंसर सर्जन डॉ. जयेश शर्मा से बात की।
डॉ. जयेश शर्मा के मुताबिक, यह धारणा पूरी तरह से गलत है। वह बताते हैं, “यह सिर्फ एक मिथक है।” दरअसल, यह बात इसलिए फैली है क्योंकि सोयाबीन में ‘फाइटोएस्ट्रोजन’ (phytoestrogen) नामक एक यौगिक होता है, जिसकी रासायनिक संरचना कुछ हद तक महिला हार्मोन एस्ट्रोजन से मिलती-जुलती है। लोग मानते हैं कि यह ब्रेस्ट कैंसर के जोखिम को बढ़ा सकता है, लेकिन वैज्ञानिक रिसर्च इसके ठीक विपरीत बात कहती हैं।
डॉक्टर शर्मा बताते हैं कि कई बड़े और व्यापक अध्ययनों से यह साबित हो चुका है कि सोयाबीन का सेवन ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को कम करने में सहायक हो सकता है। यह विशेष रूप से उन महिलाओं में पाया गया है जो कम उम्र से ही सोयाबीन का सेवन करती रही हैं। यह कैंसर के दोबारा होने के जोखिम को भी कम करने में मदद कर सकता है।
डॉ. शर्मा के अनुसार, सोयाबीन प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स का एक बेहतरीन स्रोत है। यह हृदय रोग और अन्य कई बीमारियों के खतरे को कम करने में भी मददगार है। इसलिए, यह जरूरी है कि लोग भ्रांतियों पर ध्यान न दें और संतुलित मात्रा में सोयाबीन को अपने आहार में शामिल करें।
उन्होंने अंत में यही सलाह दी कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करें और किसी भी बीमारी से जुड़ी जानकारी के लिए हमेशा प्रमाणित मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह लें.






