रायपुर जीपीओ समेत 8 प्रधान डाकघर में “डिलीवरी सेंटर” का किया गया शुभारंभ
रायपुर। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के अधीन भारतीय डाक विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ परिमंडल में डाक वितरण व्यवस्था को और अधिक सशक्त, समयबद्ध तथा दक्ष बनाने हेतु डाक निदेशालय के निर्देशानुसार आज दिनांक 30 जून 2025 को रायपुर जीपीओ सहित अंबिकापुर, रायगढ़, जगदलपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव एवं दुर्ग में प्रधान डाकघर में “डिलीवरी सेंटर” का विधिवत शुभारंभ किया गया।

“स्पीड पोस्ट, पंजीकृत पत्र, पार्सल और साधारण डाक सहित सभी प्रकार के डाक की केंद्रीकृत वितरण के अंतर्गत रायपुर शहर में “डिलीवरी सेंटर रायपुर जीपीओ” का उद्घाटन माननीय निदेशक डाक सेवाएं, छत्तीसगढ़ परिमंडल की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर रायपुर संभाग, अधीक्षक रेल डाक सेवा आरपी संभाग, सहायक निदेशक गण परिमंडल कार्यालय रायपुर, सहायक अधीक्षक डाकघर (मुख्यालय/दौरा) रायपुर संभाग, सीआई रायपुर संभाग, एसएएस /आईपी परिमंडल कार्यालय रायपुर, सहायक अधीक्षक/एसडीआईपी रायपुर उप संभाग, वरिष्ठ डाकपाल रायपुर जीपीओ सहित विभागीय अधिकारीयों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
इन नए वितरण केंद्रों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में डाक वितरण की गुणवत्ता, गति और पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे ग्राहकों को उनके पत्र, पार्सल, स्पीड पोस्ट, और ई-कॉमर्स वस्तुएं अधिक तेज़ी से और सुविधाजनक रूप से प्राप्त होंगी। वितरण कर्मचारियों द्वारा उक्त वितरण केन्द्रों से मेकेनाइज्ड बीट के माध्यम से डाक का वितरण किया जायेगा जिसके लिए विभाग द्वारा उन्हें हर माह ईंधन प्रतिपूर्ति प्रभार भत्ता भी प्रदान किया जावेगा I
भारतीय डाक विभाग निरंतर आधुनिक तकनीक और मानव संसाधनों के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। ये “डिलीवरी सेंटर” उस दिशा में एक महत्वपूर्ण और सार्थक कदम हैं।






