राष्ट्रीय युवा दिवस पर दिल्ली IAS एकेडमी का 19वां स्थापना दिवस, “युवाथान मैराथन” के साथ हुआ भव्य आयोजन
रायपुर। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस, जिसे राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर दिल्ली IAS एकेडमी ने अपने स्थापना के 19 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। इस अवसर पर प्रातःकाल विद्यार्थियों द्वारा “युवाथान मैराथन” का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना रहा।


गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आयोजन
मैराथन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर आयुक्त खजांची कुम्हार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्थान के संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी की माताजी प्रमिला चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
केक काटकर किया गया शुभारंभ
दिल्ली IAS एकेडमी के 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर युवाथान मैराथन को रवाना किया। मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
मैराथन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान अंकित कुमार, द्वितीय स्थान भूषण प्रताप तथा तृतीय स्थान कृष्ण यादव ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान ओम साहू, द्वितीय स्थान सरगम चौहान और तृतीय स्थान मोनिश पटेल ने हासिल किया। सभी विजेताओं को क्रमशः ₹3100, ₹2100 एवं ₹1100 की नगद राशि, मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
योग और ध्यान का महत्व बताया गया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने छात्रों को योग और ध्यान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और एकाग्रता भी अत्यंत आवश्यक है।
युवाओं को मिला प्रेरणादायी संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान प्रमुख सौरभ चतुर्वेदी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक पूंजी है और ऐसे आयोजन युवाओं को लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध एवं अनुशासित बनाते हैं।
आभार व्यक्त किया गया
कार्यक्रम के समापन पर दिल्ली IAS एकेडमी के मुख्य प्रबंधक विद्या चतुर्वेदी एवं कार्यकारी निदेशक ई. नवनीत सिंह राठौर ने अतिथियों, जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग, पुलिस एवं यातायात विभाग के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा आयोजन से जुड़े सभी कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






