कुनकुरी पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कार्यकर्ता सम्मेलन में गिनाईं सरकार की दो साल की उपलब्धियां
जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक दिवसीय दौरे पर जशपुर जिले के कुनकुरी पहुंचे। सलियाटोली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उनका फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को साझा किया।




स्वास्थ्य सुविधाओं को मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर जिले को स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। जिले में 220 बिस्तरों वाला आधुनिक अस्पताल, मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय, कल्याण आश्रम में अत्याधुनिक अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज तथा फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की स्थापना की गई है, जिससे आम जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
सड़क और पुलों के लिए बड़ा निवेश
उन्होंने बताया कि जिले में 623 सड़कों के निर्माण के लिए 998 करोड़ रुपये और 22 उच्चस्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। हाल ही में 4 प्रमुख सड़कों के लिए 12.69 करोड़ रुपये, 4 महत्वपूर्ण पुलों के लिए 13.69 करोड़ रुपये तथा 12 सड़कों के लिए 41.81 करोड़ रुपये की अतिरिक्त मंजूरी दी गई है। फरसाबहार में 40.89 करोड़ रुपये के 13 विकास कार्य और बगीया में 8.55 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।
शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि करडेगा-फरसाबहार में महाविद्यालयों की स्थापना, नए स्कूल भवनों का निर्माण तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मयाली नेचर कैंप, जंबूरी आयोजन और पर्यटन स्थलों तक पहुंच मार्गों को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि जशपुर अब तेजी से वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है।
विद्युत आपूर्ति में सुदृढ़ता
कुनकुरी के हर्राडांड में प्रदेश का पांचवां 400 केवी उपकेंद्र स्थापित किया गया है। इसके साथ ही 11 नए सब-स्टेशनों के माध्यम से जिले में विद्युत आपूर्ति को मजबूत किया गया है। मुख्यमंत्री ने किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, बोनस वितरण और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण का भी उल्लेख किया।
कार्यकर्ताओं से विकास प्रचार का आग्रह
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की ये उपलब्धियां कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला, पूर्व संसदीय सचिव भरत साय, पूर्व विधायक रोहित साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






