जूनियर मिस इंडिया 2026 – सीजन 4 में छत्तीसगढ़ की बेटी गार्गी ओन्टेन ने बढ़ाया प्रदेश का मान
जयपुर। जूनियर मिस इंडिया 2026 – सीजन 4 का भव्य आयोजन 06 जनवरी से 08 जनवरी 2026 तक जयपुर (पिंक सिटी), राजस्थान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की प्रतिभाशाली बेटी गार्गी ओन्टेन ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
गार्गी ओन्टेन, पिता डॉ. छेदी लाल ओन्टेन एवं माता डॉ. निधि ओन्टेन की सुपुत्री हैं। उनका पैतृक ग्राम मडईयाटोला, मरवाही, जिला जीपीएम (छत्तीसगढ़) है।




इस प्रतियोगिता में भारत के 25 राज्यों से लगभग 175 प्रतिभागियों ने भाग लिया। ग्रैंड फिनाले के मंच पर गार्गी ओन्टेन ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक गोंड संस्कृति एवं छत्तीसगढ़िया वेशभूषा को आत्मविश्वास, गरिमा एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ प्रदर्शित किया। उनकी इस अनूठी प्रस्तुति ने निर्णायक मंडल एवं उपस्थित दर्शकों को अत्यंत प्रभावित किया।
गार्गी की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण रूप से स्थापित हुआ है। उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने गार्गी ओन्टेन को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।






