बिलासपुर नगर निगम को मिला नया नेतृत्व: आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने संभाला पदभार, स्वच्छता व विकास को बताया प्राथमिकता
बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम के इतिहास में आज का दिन एक नए विकास चरण की शुरुआत के रूप में दर्ज हुआ, जब नवपदस्थ आईएएस अधिकारी प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर पालिक निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के प्रबंध निदेशक के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जनहित में क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने निगम और स्मार्ट सिटी से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निगम के सभी कार्य शहरवासियों के सहयोग से पूरे किए जाएंगे, जिससे विकास की गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित हो सकें।
स्वच्छता में पहला स्थान हासिल करने का लक्ष्य
आयुक्त सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर का देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त करना गौरव का विषय है, लेकिन अब लक्ष्य पहला स्थान हासिल करना है। उन्होंने स्वच्छता को निरंतर चलने वाली प्रक्रिया बताते हुए कहा कि नागरिक सहभागिता से इसे और सुदृढ़ किया जाएगा।
अरपा उत्थान बनेगा शहर की पहचान
अरपा नदी को बिलासपुर की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि अरपा उत्थान एवं तट संवर्धन योजना को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा। नदी को प्रदूषण मुक्त कर इसे शहर की नई पहचान के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी व मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान
आयुक्त ने कहा कि नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अंतर्गत संचालित सभी विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही पानी, सड़क, सफाई और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं नागरिकों को बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाएंगी।
नए क्षेत्रों तक पहुंचेगा विकास
नगर निगम सीमा में हाल ही में शामिल हुए नए क्षेत्रों में भी बुनियादी सुविधाएं और विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे, ताकि शहर का समग्र विकास हो सके।
टीम वर्क से बनेगा बेहतर बिलासपुर
आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि कोई भी कार्य अकेले संभव नहीं होता। बेहतर टीम वर्क और जनसहयोग से ही बिलासपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाया जा सकता है।
इससे पूर्व प्रभारी आयुक्त खजांची कुम्हार ने नवनियुक्त आयुक्त को विधिवत रूप से पदभार सौंपा। विकास, स्वच्छता, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य ही नए आयुक्त का स्पष्ट कार्यमंत्र है। बिलासपुर अब तेज, टिकाऊ और समावेशी विकास की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है।






