चिरमिरी आत्महत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी बी. तनुश्री बेंगलुरु से गिरफ्तार
चिरमिरी। हल्दीबाड़ी में हुई आत्महत्या के सनसनीखेज मामले में चिरमिरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की मुख्य आरोपी बी. तनुश्री को बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस मामले के दो अन्य आरोपी – बी. कार्तिक राव और बी. मीनाक्षी राव – अब भी फरार हैं। पुलिस की टीम लगातार उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
मामला कुछ दिन पूर्व का है, जब हल्दीबाड़ी निवासी श्यामा राव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसका शव हल्दीबाड़ी टैक्सी स्टैंड के पास एक सुनसान मकान से बरामद हुआ था। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया था। घटना से पहले मृतक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपनी आत्महत्या के कारण बताए थे। इसके अलावा एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने अपने बड़े भाई के साले बी. कार्तिक राव, उनकी पत्नी बी. मीनाक्षी राव और उनकी बेटी बी. तनुश्री पर पैसे के लेन-देन को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
मृतक के बड़े भाई रामा राव ने चिरमिरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत, सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होते ही तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मुख्य आरोपी बी. तनुश्री का पता लगाया। मोबाइल लोकेशन बेंगलुरु में मिलने पर पुलिस की एक टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर चिरमिरी ले आई। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
चिरमिरी के पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले में जल्द चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है। इस घटना से हल्दीबाड़ी क्षेत्र में गहरी संवेदना और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
यह मामला न केवल पुलिस के लिए बल्कि समाज के लिए भी चिंता का विषय बन गया है, क्योंकि इसमें पारिवारिक विवाद के कारण एक युवक ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद को कानून के दायरे में रहकर सुलझाएं, ताकि ऐसे दुखद हादसे टाले जा सकें।






