GEC रायपुर में NSUI के आरोपों पर ABVP का विरोध, प्राचार्य को ज्ञापन सौंप किया पुतला दहन
रायपुर। शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (GEC) रायपुर में आयोजित गरबा कार्यक्रम को लेकर NSUI द्वारा लगाए गए आरोपों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अभाविप ने शुक्रवार को प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा और NSUI के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। साथ ही ABVP कार्यकर्ताओं ने NSUI का पुतला दहन कर विरोध दर्ज किया।
महानगर सह मंत्री अन्वित दीक्षित ने कहा कि NSUI को पहले अपने भ्रष्टाचार और विफलताओं से भरे अपने गिरेबान पर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार भ्रष्टाचार और छात्र विरोधी के कारण सत्ता से बाहर हुई, वही आज निराधार आरोप लगाकर अपनी हताशा छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। जिस कार्यक्रम से ABVP का कोई संबंध नहीं था, उस पर आरोप लगाना केवल NSUI और कांग्रेस की बौखलाहट को दर्शाता है।
सविष्कार प्रांत संयोजक रोहन सिन्हा ने कहा कि ABVP ने हमेशा छात्रहित के मुद्दों को गंभीरता से उठाया है। हॉस्टल, प्रवेश, परीक्षा और परिणाम जैसे विषयों पर परिषद ने सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि NSUI द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे और बेबुनियादी हैं तथा परिषद उनका सख्त खंडन करती है।
वहीं, इस पूरे मामले पर कार्यक्रम के कॉलेज समन्वयक प्रोफेसर अजय त्रिपाठी ने भी स्पष्ट किया कि यह आयोजन ABVP का नहीं था। उन्होंने कहा कि NSUI द्वारा लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन हैं और किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सामने नहीं आई है। विद्यार्थियों द्वारा यह आयोजन प्रत्येक वर्ष धूम धाम से बनाया जाता है। ABVP ने कहा कि वह आगे भी छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन करती रहेगी और किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार का तथ्य आधारित उत्तर देती रहेगी।







