बिलासपुर में 5 जनवरी से आयोजित होगा तीन दिवसीय ‘विकसित भारत @2047’ जागरूकता कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी
बिलासपुर। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, रायपुर द्वारा 5 से 7 जनवरी 2026 तक बिलासपुर के ऊर्जा शिक्षा उद्यान में तीन दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी और जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में होगा, जबकि नगर निगम बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी करेंगे।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में ‘विकसित भारत’ के चार प्रमुख स्तंभ—युवा, गरीब, महिला और किसान—पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान वक्ता भारत को वर्ष 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने, ‘विकसित भारत – जी राम जी’ के क्रियान्वयन तथा स्वतंत्रता की शताब्दी तक देश को वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित करने के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में आर्थिक, सामाजिक और डिजिटल सशक्तिकरण पर केंद्रित विशेष सत्रों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवाओं के कौशल विकास और केंद्र सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। प्रतिभागी ‘माई गवर्नमेंट’ पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण के लिए अपने नवाचारी विचार भी साझा कर सकेंगे।
जन जागरूकता को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों के लिए पोस्टर मेकिंग, चित्रकला, स्लोगन लेखन, मेहंदी और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
केंद्रीय संचार ब्यूरो और सहयोगी संस्थाओं के इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद् और समाजसेवी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यह चित्र प्रदर्शनी आम जनता के लिए पूरी तरह निःशुल्क रहेगी, जहां लोग भारत की विकास यात्रा और उज्ज्वल भविष्य से रूबरू हो सकेंगे।






