रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भाई-बहन के रिश्ते को और खास बनाने के लिए भारतीय डाक विभाग के छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने ‘राखी स्पेशल गिफ्ट बॉक्स’ लॉन्च किया है। ‘अनमोल तोहफा, अनमोल रिश्ते के लिए’ संदेश के साथ तैयार इस प्रीमियम गिफ्ट बॉक्स की कीमत ₹520 रखी गई है। यह बॉक्स प्रदेश के नजदीकी डाकघरों में उपलब्ध कराया गया है।
गिफ्ट बॉक्स में रक्षाबंधन से जुड़ी कई उपयोगी और आकर्षक सामग्री शामिल की गई है। इसमें दो विशेष राखियां, दो बैज, अक्षत और कुमकुम, एक फ्रिज मैग्नेट स्टीकर, तीन पिक्चर पोस्टकार्ड और एक की-रिंग शामिल हैं।
डाक विभाग के मुताबिक, यह पहल खास तौर पर उन भाई-बहनों के लिए उपयोगी है, जो रक्षाबंधन के मौके पर एक-दूसरे से दूर रहते हैं। एक ही बॉक्स में राखी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने से लोगों को अलग-अलग सामान खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
नागरिक इस गिफ्ट बॉक्स को अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस से खरीद सकते हैं। इसके बाद भारतीय डाक की विश्वसनीय स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से राखी और उपहार अपने भाई-बहनों तक भेजे जा सकते हैं। डाक विभाग का उद्देश्य इस पहल के जरिए दूर रह रहे भाई-बहनों के बीच स्नेह और रिश्तों की डोर को और मजबूत करना है।
