कर्मचारियों से भरी बस अनियंत्रित होकर नदी में गिरी, चालक की मौके पर मौत, 15 की हालत गंभीर
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिले के बोझा इलाके में ये हादसा हो गया। एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की कर्मचारियों से भरी एक बस सुखाड़ पुल पार करते समय अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे में ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 कर्मचारी घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस तेज रफ्तार में पुल पार कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरी। बस में सवार सभी लोग एसईसीएल के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो ड्यूटी पर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP), कलेक्टर और एसईसीएल के महाप्रबंधक (GM) मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया। घायलों को तुरंत भटगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।





