छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का 12 सदस्यीय दल सिक्किम अध्ययन दौरे पर रवाना
रायपुर/सिक्किम। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), भारत सरकार, रायपुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के पत्रकारों का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सिक्किम के सात दिवसीय अध्ययन प्रवास पर रवाना हुआ है। यह विशेष प्रेस टूर 15 से 21 फरवरी तक चलेगा, जिसका उद्देश्य सिक्किम में केंद्र सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और सामरिक महत्व के कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है।
इस दौरान मीडिया दल सिक्किम की भौगोलिक चुनौतियों के बीच हो रहे इंजीनियरिंग नवाचारों और “विकसित भारत 2047” के लक्ष्यों की दिशा में की जा रही प्रगति का दस्तावेजीकरण करेगा। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के प्रमुख मीडिया संस्थानों के 10 वरिष्ठ पत्रकारों के साथ पीआईबी रायपुर के एक अधिकारी और एक कर्मचारी शामिल हैं। दल का नेतृत्व सहायक निदेशक सुदीप्त कर एवं यंग प्रोफेशनल पुरुषोत्तम झा कर रहे हैं।
पत्रकारों में एएनआई से संदीप प्रधान, पीटीआई से टिकेश्वर पटेल, दैनिक भास्कर से प्रमोद कुमार साहू, अमृत संदेश से संजीव कुमार वर्मा, विस्तार न्यूज से अभिषेक तिवारी, दण्डकारण्य समाचार से टीनकेश्वर तिवारी, दैनिक विश्व परिवार से हरि शंकर सोनी, समवेत शिखर से शंकर चंद्राकर, अमन पथ से रमेश पांडे तथा बीएस टीवी से अविनाश चंद्रवंशी शामिल हैं।
यात्रा कार्यक्रम के तहत मीडिया टीम सिक्किम की पहली रेल लिंक परियोजना ‘सेवोक–रंगपो रेलवे लाइन’ का साइट विजिट करेगी, जो जटिल सुरंग निर्माण के लिए जानी जाती है। इसके अलावा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नाथू ला दर्रा, बाबा मंदिर और त्सोमगो झील का दौरा कर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा किए जा रहे बुनियादी ढांचा कार्यों को कवर किया जाएगा।
दल आईटीबीपी द्वारा थेगु में विकसित ‘वाइब्रेंट विलेज’, पेलिंग के प्रसिद्ध स्काईवॉक तथा भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) के केंद्रों का भी भ्रमण करेगा। प्रवास के दौरान मीडिया प्रतिनिधिमंडल सिक्किम के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री से औपचारिक भेंट कर राज्य के विकास में केंद्र-राज्य सहयोग पर चर्चा करेगा।






