शदाणी दरबार में 10 से 13 मार्च तक 66वां वर्सी महोत्सव, प्रवचन, मेगा मेडिकल कैंप और सेवा कार्यक्रम होंगे आयोजित
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय मानवता की सेवा और भारतीय सनातन संस्कृति के प्रतीक 317 वर्ष प्राचीन आस्था केंद्र पूज्य शदाणी दरबार तीर्थ, रायपुर में प्रकांड विद्वान और करुणा के सागर परम पूज्य सतगुरु संत राजाराम साहब जी का 66वां वर्सी महोत्सव 10 से 13 मार्च 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने रायपुर पहुंच रहे हैं।

यह महोत्सव वर्तमान पीठाधीश नवम् अवतार संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी के मार्गदर्शन और सानिध्य में “सेवा वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान वर्षभर विभिन्न सेवा और लोककल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी मानव सेवा को ही माधव सेवा मानते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।

संत राजाराम साहब ने हरिद्वार के कनखल आश्रम में संस्कृत और वेदों की शिक्षा प्राप्त की थी। उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर आश्रम के पीठाधीश ने उन्हें वहीं पीठाधीश पद ग्रहण करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए विनम्रता से अस्वीकार कर दिया कि वे शदाणी दरबार की अमानत हैं और उन्हें सिंध स्थित शदाणी दरबार में ही अपनी सेवाएं देनी हैं। वे अत्यंत करुणामय संत थे और लोगों के दुख देखकर उनकी आंखों में आंसू आ जाते थे। वे पहले जरूरतमंदों को भोजन कराते और बाद में स्वयं भोजन करते थे।
वर्सी महोत्सव के दौरान संत-महामंडलेश्वरों के प्रवचन, प्रसिद्ध भजन गायकों के भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोगों के स्वास्थ्य के लिए विशाल मेगा मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा, जिसमें कैंसर जागरूकता, त्वचा रोग, नेत्र जांच, दंत चिकित्सा और अन्य स्वास्थ्य जांच पूरी तरह निःशुल्क की जाएगी।
श्रद्धालुओं में जागरूकता और उत्साह बढ़ाने के लिए 8 मार्च को दोपहर 1 बजे शदाणी दरबार तीर्थ से विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी, जो शहर का भ्रमण करते हुए मोवा स्थित गुरुद्वारे के पास समाप्त होगी।
महोत्सव में वृंदावन से पुंडरीक गोस्वामी और भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी, हरिद्वार से महामंडलेश्वर अभिषेक चैतन्य गिरि महाराज, काशी से गोविंदानंद महाराज, केरल से दिव्यानंद सरस्वती महाराज और रामानंद सरस्वती सहित कई संत-महात्मा अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को लाभान्वित करेंगे।
इसके अलावा 10 से 12 मार्च तक मेगा मेडिकल कैंप और 13 मार्च को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस सेवा और भक्ति के महोत्सव का लाभ लेने की अपील की है।






